ग्रेटर नोएडा। मेटा कंपनी के अलर्ट और बिसरख कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 21 वर्षीय युवक की जान बच गई। युवक ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ा वीडियो प्रसारित किया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने महज 20 मिनट के भीतर उसके घर पहुंचकर उसे आत्महत्या का प्रयास करने से रोक लिया।
इंस्टाग्राम वीडियो के बाद पुलिस तक पहुंची सूचना
रविवार दोपहर करीब 3:48 बजे लखनऊ स्थित पुलिस महानिदेशक कार्यालय के इंटरनेट मीडिया सेंटर को मेटा की ओर से ई-मेल अलर्ट मिला। अलर्ट में बताया गया कि गौतमबुद्धनगर के बिसरख क्षेत्र का एक युवक इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी वीडियो प्रसारित कर रहा है। इसके साथ ही युवक की लोकेशन भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई, जिसके आधार पर स्थानीय पुलिस तुरंत मौके के लिए रवाना हुई।
ब्लेड से हाथ काटने की कोशिश कर रहा था युवक
प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम युवक के घर पहुंची और स्वजन को पूरे मामले की जानकारी दी। कमरे में पहुंचने पर युवक मानसिक तनाव की स्थिति में अपनी कलाई पर ब्लेड से वार करने का प्रयास कर रहा था। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसके हाथ से ब्लेड छीन लिया और परिजनों की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
प्रेमिका से मिलने पर रोक से था मानसिक तनाव
प्राथमिक उपचार के बाद युवक को घर भेज दिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह 12वीं पास है और एक युवती से प्रेम करता है। युवती के परिजनों ने दोनों के मिलने पर रोक लगा दी थी, जिससे वह मानसिक तनाव और अवसाद में चला गया। पुलिस ने युवक की काउंसलिंग कर उसे भविष्य में ऐसा कदम न उठाने की समझाइश दी। युवक और उसके परिजनों ने समय पर मदद पहुंचाने के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया।


