
नई दिल्ली: संसदीय समितियों के अध्यक्षों की नई सूची में कई बदलाव किए गए हैं। कुछ समितियों की कमान नए नेताओं को सौंपी गई है, जबकि कई मौजूदा अध्यक्षों को दोबारा जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा के सुधांशु त्रिवेदी को वाणिज्य संबंधी समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस की डोला सेन की जगह ली है।

विदेश और कृषि समितियों में पुराने अध्यक्ष बरकरार
कांग्रेस के शशि थरूर को विदेश मामलों की समिति का अध्यक्ष फिर नियुक्त किया गया है। वहीं, कृषि समिति की जिम्मेदारी कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी के पास ही बनी रहेगी। इस तरह दोनों समितियों में नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
वाणिज्य, कानून और रसायन समिति में बदलाव
वाणिज्य समिति की कमान सुधांशु त्रिवेदी को दी गई है। कार्मिक, लोक शिकायत, कानून एवं न्याय समिति के अध्यक्ष भाजपा के सुजीत कुमार बनाए गए हैं। वहीं, रसायन एवं उर्वरक समिति में तृणमूल कांग्रेस की काकोली घोष दस्तीदार को अध्यक्ष बनाया गया है। उन्होंने कीर्ति आजाद की जगह ली है।
रेलवे, रक्षा, उद्योग और वित्त समितियों में नई जिम्मेदारियां
रेलवे समिति की अध्यक्षता भाजपा के सुधीर गुप्ता करेंगे, जिन्होंने सीएम रमेश की जगह ली है। रक्षा समिति की जिम्मेदारी राधा मोहन सिंह को सौंपी गई है। उद्योग समिति की कमान द्रमुक के तिरुचि शिवा को दी गई है। वहीं, वित्त समिति का अध्यक्ष भर्तृहरि महताब को बनाया गया है।


