
ग्रेटर नोएडा: बिसरख कोतवाली पुलिस ने ई-रिक्शा सवार महिला से आईफोन-18 प्रो छीनने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया आईफोन-18 प्रो समेत पांच मोबाइल फोन, दो तमंचे, दो कारतूस और 2,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की अपाचे बाइक भी पुलिस ने जब्त की है।

नया आईफोन पूछकर बनाते थे राहगीरों को निशाना
पुलिस के अनुसार आरोपी राहगीरों को रोककर उनसे नए आईफोन के बारे में पूछते थे और मौका मिलते ही मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे। आरोपी बिसरख क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर मोबाइल छीनने की वारदातों को अंजाम देते थे। इसी तरीके से ई-रिक्शा सवार महिला से आईफोन-18 प्रो छीना गया था।
छह प्रतिशत एरिया पार्क के पास दबोचे गए आरोपी
एसीपी सेंट्रल नोएडा कृष्णकांत के अनुसार शुक्रवार को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस ने तीनों आरोपियों को छह प्रतिशत एरिया पार्क के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सलमान उर्फ सुहैल, अजाज उर्फ अज्जू उर्फ सोनू और नईम के रूप में हुई है।
मोबाइल और हथियार बरामद, जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन के साथ दो तमंचे और दो कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा 2,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की अपाचे बाइक भी मिली है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य मोबाइल स्नैचिंग की वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


