नोएडा। सेक्टर-49 क्षेत्र में साइबर ठगों ने मेटल स्क्रैप व्यापारी विनीत गोयल को स्टॉक मार्केट में निवेश कर ज्यादा मुनाफा कमाने का झांसा देकर 1.13 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। आरोप है कि दिसंबर 2025 में एक शातिर ने उन्हें मैसेज भेजकर खुद को शेयर बाजार का विशेषज्ञ बताया। बातचीत शुरू होने के बाद आरोपी ने उन्हें अधिक मुनाफे का लालच देकर अपने जाल में फंसा लिया।
वाट्सएप ग्रुप में जोड़कर शुरू किया खेल
शिकायतकर्ता विनीत गोयल का दिल्ली में मेटल स्क्रैप का कारोबार है। उन्होंने पुलिस को बताया कि आरोपी ने ज्यादा कमाई का भरोसा दिलाकर उन्हें ‘बीएनआई स्टॉक मार्केट कोच मुंबई’ नाम के वाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया। इसके बाद ग्रुप में निवेश और शेयर बाजार से संबंधित जानकारी देकर उन्हें रकम लगाने के लिए प्रेरित किया गया।
तीन महीने तक अलग-अलग खातों में भेजी रकम
पीड़ित के अनुसार, साइबर ठगों ने करीब तीन महीने तक अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर कराई। शुरुआत में निवेश पर मुनाफा दिखाकर उनका भरोसा जीता गया। इसके बाद उनसे लगातार और अधिक रकम निवेश करने के लिए कहा जाता रहा। पीड़ित ने जब अपने कथित मुनाफे की रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने नई शर्त रख दी।
मुनाफा निकालने के लिए मांगे और पैसे
आरोप है कि जब विनीत गोयल ने निवेश से मिली रकम निकालने की कोशिश की तो साइबर ठगों ने उनसे और पैसे जमा करने को कहा। इसके बाद उन्हें ठगी का शक हुआ। मामले का खुलासा होने के बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।


