नोएडा। सेक्टर ओमीक्रान स्थित मिग्सन अल्टिमो सोसायटी में चौथे दिन भी पानी का संकट गहराया रहा। पानी की आपूर्ति प्रभावित होने से सोसायटी के निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि मोटर खराब होने के बाद बिल्डर प्रबंधन की ओर से पानी की व्यवस्था के लिए उचित कदम नहीं उठाए गए।
फायर हाइड्रेंट की पाइपलाइन से पानी भरने का आरोप
निवासियों का आरोप है कि मोटर खराब होने के बाद बिल्डर प्रबंधन सोसायटी में फायर हाइड्रेंट की पाइपलाइन के जरिए टैंकों में पानी भरने का विकल्प अपना रहा है। लोगों का कहना है कि यह व्यवस्था सुरक्षा के लिहाज से भी चिंता का विषय है और इसका इस्तेमाल नियमित जलापूर्ति के विकल्प के तौर पर नहीं किया जाना चाहिए।
काला और दूषित पानी आने की शिकायत
सोसायटी के निवासियों के मुताबिक, पाइपलाइन के जरिए आने वाला पानी बेहद दूषित और काले रंग का है। लोगों का कहना है कि पाइपलाइन में जंग लगी होने के कारण पानी में गंदगी और बदबू आ रही है। इससे पानी के इस्तेमाल को लेकर निवासी चिंतित हैं।
मेंटेनेंस टीम से शिकायत के बाद भी समाधान नहीं
निवासियों ने पानी की समस्या और दूषित पानी की शिकायत मेंटेनेंस टीम से की है। आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लगातार चौथे दिन पानी का संकट बने रहने से सोसायटी के लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।


