नोएडा।नोएडा के सेक्टर-24 स्थित ईएसआईसी अस्पताल में पूर्व रजिस्ट्रार से बिना ओटीपी पूछे उनके डिजिटल हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर नवजात का जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के मामले में अब विभागीय जांच होगी। आरोपितों की भूमिका की जांच के लिए समिति गठित की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
तत्कालीन रजिस्ट्रार ने अधिकारियों से की शिकायत
मामले में तत्कालीन रजिस्ट्रार एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ब्रह्मनीश सितारा ने मेडिकल कॉलेज की डीन डॉ. हरनाम कौर और अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. तनवीर करीम को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने पूरे प्रकरण की विभागीय स्तर पर जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
डिजिटल हस्ताक्षर के फर्जी इस्तेमाल का आरोप
डॉ. ब्रह्मनीश सितारा ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके डिजिटल हस्ताक्षर का कथित तौर पर फर्जी तरीके से इस्तेमाल कर नवजात का जन्म प्रमाण पत्र तैयार किया गया। उनका कहना है कि इसके लिए उनसे ओटीपी भी नहीं पूछा गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
सोमवार तक समिति गठित होने का आश्वासन
अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले में जांच समिति गठित करने का आश्वासन दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, सोमवार तक समिति गठित कर प्रकरण की जांच शुरू की जा सकती है। जांच में जन्म प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया और डिजिटल हस्ताक्षर के इस्तेमाल से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी।


