[gtranslate]
[gtranslate]

नोएडा में ड्राइविंग टेस्ट फेल होने पर एक महीने की ट्रेनिंग अनिवार्य, 6000 रुपये शुल्क के बाद मिलेगा लाइसेंस

नोएडा।गौतमबुद्ध नगर समेत पूरे उत्तर प्रदेश में स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया में बदलाव किया गया है। अब ड्राइविंग लाइसेंस की परीक्षा में असफल होने वाले अभ्यर्थियों को वाहन चलाने का अनिवार्य प्रशिक्षण लेना होगा। इसके लिए 6000 रुपये प्रशिक्षण शुल्क जमा करना होगा। परिवहन विभाग के अनुसार शासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।

एक महीने का प्रशिक्षण पूरा करना होगा

नई व्यवस्था के तहत ड्राइविंग परीक्षा में असफल अभ्यर्थी को मान्यता प्राप्त ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं परीक्षण केंद्र पर एक महीने का वाहन संचालन प्रशिक्षण लेना होगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अभ्यर्थी को वाहन चलाने में सक्षम माना जाएगा और उसे दोबारा ड्राइविंग परीक्षा देने की जरूरत नहीं होगी। इसके बाद स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस जारी कर दिया जाएगा।

पहले 300 रुपये देकर दोबारा दे सकते थे परीक्षा

अब तक ड्राइविंग परीक्षा में असफल होने वाले अभ्यर्थी को दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलता था। परीक्षा में असफल होने के करीब एक सप्ताह बाद अभ्यर्थी 300 रुपये का पुन: परीक्षा शुल्क जमा कर दोबारा टेस्ट दे सकता था। नई व्यवस्था में इस प्रक्रिया को बदल दिया गया है और असफल अभ्यर्थी के लिए प्रशिक्षण अनिवार्य कर दिया गया है।

दादरी में दो प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र संचालित

गौतमबुद्ध नगर में शासन से मान्यता प्राप्त मुख्य ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं परीक्षण केंद्र संचालित हैं। इनमें दादरी के बिसाहड़ा रोड और जीटी रोड बाईपास क्षेत्र स्थित केंद्र प्रमुख हैं। शिवम मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर बिसाहड़ा रोड, दादरी/प्यावली और वाईबी बिल्डर्स ड्राइविंग प्रशिक्षण एवं परीक्षण केंद्र जीटी रोड बाईपास, दादरी में दोपहिया, चार पहिया और भारी वाहनों के प्रशिक्षण के साथ स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस की परीक्षा की सुविधा उपलब्ध है।

पिछले साल 3345 अभ्यर्थी हुए थे फेल

परिवहन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच दोनों केंद्रों पर कुल 3345 अभ्यर्थी ड्राइविंग परीक्षा में असफल हुए थे। नई व्यवस्था के तहत इन अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण शुल्क के रूप में 6000 रुपये जमा करने होंगे। इस हिसाब से 3345 अभ्यर्थियों से करीब 2.01 करोड़ रुपये प्रशिक्षण शुल्क के रूप में जमा होंगे।

 

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

इसे भी पढे ----

वोट जरूर करें

नोएडा से 2027 विधानसभा चुनाव कौन जीतेगा?

View Results

Loading ...

आज का राशिफल देखें