नोएडा। सेक्टर-49 थाना क्षेत्र के सेक्टर-51 स्थित कंपोजिट स्कूल में शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के नेता पंकज अवाना बिना अनुमति परिसर में पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने स्कूल के गंदे शौचालय और परिसर में फैली गंदगी समेत अन्य खामियों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
शिक्षक ने शिक्षण कार्य बाधित होने की दी जानकारी
स्कूल में तैनात शिक्षक सत्यवीर यादव ने पंकज अवाना को वीडियो बनाने से मना किया। शिक्षक का कहना था कि स्कूल में शिक्षण कार्य चल रहा है और वीडियो बनाने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके बावजूद वीडियो बनाए जाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
वीडियो बनाने से रोकने पर अभद्रता का आरोप
स्टाफ की ओर से वीडियो बनाने से रोके जाने पर पंकज अवाना पर चिल्लाने और अभद्रता करने का आरोप लगाया गया है। मामले को लेकर स्कूल स्टाफ ने आपत्ति जताई और घटना की शिकायत सेक्टर-49 थाने में की।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
शिक्षक सत्यवीर यादव की शिकायत के आधार पर सेक्टर-49 थाना पुलिस ने पंकज अवाना के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


