नोएडा। राजस्थान के नीमराणा की तर्ज पर यमुना सिटी में 500 एकड़ जमीन पर जापानी सिटी विकसित की जाएगी। इसके लिए सेक्टर-5 में जमीन चिन्हित की गई है। यहां जापानी कंपनियों के लिए औद्योगिक गतिविधियों के साथ आवासीय क्षेत्र, बाजार, स्कूल और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री योगी ने की जापानी सिटी की घोषणा
यूपी-जापान इनवेस्टमेंट मीट-2026 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना सिटी में जापानी सिटी विकसित करने की घोषणा की है। हालांकि यमुना प्राधिकरण इसकी तैयारी पहले से कर रहा है। प्राधिकरण के अधिकारियों ने राजस्थान के नीमराणा में विकसित जापानी सिटी का दौरा भी किया है। अब उसी मॉडल को ध्यान में रखते हुए यमुना सिटी में परियोजना विकसित की जाएगी।
JETRO से कंपनियों को लाने पर चल रही वार्ता
यमुना प्राधिकरण जापान के उद्यमी संगठन JETRO के साथ कंपनियों को यमुना सिटी में लाने के लिए वार्ता कर रहा है। प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक कई जापानी कंपनियां यहां निवेश में रुचि दिखा रही हैं। आने वाले समय में कुछ कंपनियों की ओर से निवेश की घोषणा होने की उम्मीद है।
जमीन खरीद के बाद शुरू होगा आंतरिक विकास
जापानी सिटी के लिए यमुना प्राधिकरण जमीन खरीदने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दे रहा है। जमीन खरीद पूरी होने के बाद आंतरिक विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। इसके बाद जापानी कंपनियों को उनकी जरूरत के अनुसार जमीन आवंटित की जाएगी। प्राधिकरण ने इस उद्देश्य से अपने बजट में जमीन खरीद के लिए बड़ी राशि का प्रावधान किया है।


