नोएडा। सेक्टर-105 में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। प्रसिद्ध स्टेप बाय स्टेप स्कूल में पढ़ने वाले पांच बच्चों—प्रशस्त कुमार, तिष्या पुरी, शिवनंदिनी धौल, यशवी टंडन और कबीर सिंह दयाल—ने अपने शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया है। ये बच्चे हर महीने नियमित रूप से सेक्टर-105 में विशेष स्वच्छता अभियान चलाते हैं।
सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर दे रहे जागरूकता का संदेश
कम उम्र में इन बच्चों की सामाजिक जिम्मेदारी को समझने और उसे निभाने की पहल लोगों के लिए प्रेरणादायक है। बच्चे सार्वजनिक स्थानों की सफाई करने के साथ ही आसपास के लोगों को भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर रहे हैं। उनके इस निस्वार्थ प्रयास की क्षेत्र के लोगों ने सराहना की है।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने बच्चों की पहल को बताया प्रेरणास्रोत
आरडब्ल्यूए सेक्टर-105 के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने पांचों बच्चों के प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण और स्वास्थ्य कर्मियों के प्रयासों के साथ आम नागरिकों को भी अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझनी होगी। तभी स्वच्छ नोएडा का सपना पूरा हो सकता है। उन्होंने कहा कि इन बच्चों की पहल साबित करती है कि बदलाव की शुरुआत किसी भी उम्र में की जा सकती है। ये बच्चे पूरे नोएडा के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
पेड़-पौधों की देखभाल और स्वच्छता का दे रहे संदेश
बच्चे सार्वजनिक स्थलों को अपने घर की तरह साफ रखने और पेड़-पौधों की देखभाल का संदेश दे रहे हैं। उनकी यह पहल शहर के अन्य लोगों को भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने के लिए प्रेरित कर रही है। बच्चों के इस प्रयास को स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा नोएडा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


