नोएडा। परी चौक पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण रोड कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में जुटा है। एलजी गोलचक्कर से सेक्टर-146 के पास नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे को लिंक रोड से जोड़ने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। प्राधिकरण का लक्ष्य यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के 25 सितंबर को शुरू होने से पहले लिंक रोड को चालू करना है। इसके शुरू होने से परी चौक पर जाम कम होने के साथ वाहन चालकों के समय और ईंधन की भी बचत होगी।
एलजी-शारदा के बीच जमीन की अड़चन दूर करने में जुटा प्राधिकरण
सिंगल रोड पर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही बनी परेशानी। वर्तमान में एलजी गोलचक्कर से शारदा रोटरी के बीच एक ही सड़क पर दोनों दिशाओं से वाहनों की आवाजाही होती है। इससे यातायात दबाव बढ़ने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। लिंक रोड शुरू होने के बाद इस मार्ग पर वाहनों की संख्या और बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए प्राधिकरण एक निजी संस्था से जुड़े जमीनी विवाद को सुलझाने में जुटा है, ताकि सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से पूरा किया जा सके।
सिंगल रोड के कारण सुबह-शाम लगता है जाम
नालेज पार्क और आसपास के क्षेत्रों के हजारों वाहन होते हैं प्रभावित। एलजी से शारदा रोटरी के बीच सड़क संकरी होने के कारण सुबह और शाम के समय भारी यातायात दबाव रहता है। नालेज पार्क-1, 2 और 3, सेक्टर गामा-1, डेल्टा, सूरजपुर, फेज-2, भंगेल, परी चौक और कासना की ओर आने-जाने वाले हजारों वाहन इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। सड़क की कम चौड़ाई के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनती है। कॉलेज खुलने और छुट्टी के समय छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है।
25 सितंबर से पहले लिंक रोड शुरू करने की तैयारी
चौड़ीकरण के बाद एक्सप्रेसवे से मिलेगी सीधी एंट्री-एग्जिट। प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार एक्सप्रेसवे से लिंक रोड जुड़ने के बाद यातायात दबाव को देखते हुए सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। सेक्टर गामा-1 से एलजी की ओर जाने वाली सड़क का चौड़ीकरण शुरू हो चुका है और एलजी गोलचक्कर के पास काम पूरा हो गया है। अब एलजी से शारदा रोटरी के बीच बची बाधाओं को दूर कर सड़क को डबल लेन किया जाएगा। प्राधिकरण का दावा है कि 25 सितंबर से पहले जमीन संबंधी विवाद और यूटिलिटी शिफ्टिंग की बाधाएं दूर कर डामरीकरण और मार्किंग का काम पूरा कर लिया जाएगा।


