नोएडा। नोएडा के सेक्टर-108 स्थित डिवाइन मीडोज सोसायटी में रहने वाली नवविवाहिता कामिनी कुमारी की रविवार शाम मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, महिला 16वीं मंजिल स्थित फ्लैट की बालकनी से गिर गई थी। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया।
दो साल पहले सोशल मीडिया पर हुई थी मुलाकात
11 जुलाई को हुई थी दोनों की शादी। पुलिस के अनुसार, देहरादून के बड़वाला गांव निवासी मंथन धीमान जनवरी से नोएडा सेक्टर-108 की डिवाइन मीडोज सोसायटी के लिली टावर में किराये पर रह रहे हैं। करीब दो वर्ष पहले सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी कामिनी से मुलाकात हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती के बाद संबंध बने और कुछ समय तक दोनों लिव-इन में भी रहे। इसके बाद स्वजन की सहमति से 11 जुलाई को दोनों ने शादी की थी।
पति ने अवसाद को बताया वजह, मायके वालों ने लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप
पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की कर रही जांच। पति मंथन ने पुलिस को बताया कि कामिनी अवसाद में थी। हालांकि, पुलिस के अनुसार वह इस संबंध में कोई चिकित्सकीय पर्चा या रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर सका। दूसरी ओर, मृतका के भाई शिवकुमार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही कामिनी को दहेज के लिए परेशान किया जा रहा था। मायके पक्ष ने पति पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए सेक्टर-39 थाना पुलिस से शिकायत की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, सभी पहलुओं की होगी जांच
विवाद और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही। सेक्टर-39 थाना प्रभारी डीपी शुक्ल ने बताया कि स्वजन की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों के बीच किसी तरह के झगड़े या विवाद की जानकारी जुटा रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


