नोएडा।नोएडा प्राधिकरण शहर में बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या को देखते हुए चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत करने की योजना बना रहा है। इसके तहत चार पहिया इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए पहले चरण में 100 नए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
आईटीआई, एनपीसीएल और केल्ट्रान से होगा अनुबंध
चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए नोएडा प्राधिकरण आईटीआई, एनपीसीएल और केल्ट्रान के साथ अनुबंध करने की प्रक्रिया में है। करीब एक सप्ताह के भीतर एमओयू का मसौदा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
मंजूरी के बाद शुरू होगा काम
एमओयू को मंजूरी मिलने के बाद तीनों कंपनियों के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके बाद शहर में नए चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की प्रक्रिया तेजी से शुरू की जाएगी।
पेट्रोल पंपों के पास बनेंगे चार्जिंग स्टेशन
प्राधिकरण की योजना है कि चार्जिंग स्टेशन ऐसे स्थानों पर बनाए जाएं, जहां लोगों को आसानी से सुविधा मिल सके। इसके लिए पेट्रोल पंपों के आसपास स्टेशन बनाने को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही शहर में पहले से लगे ईईएसएल के खराब चार्जिंग स्टेशनों को भी दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है।


