नोएडा। अब विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लेने के लिए लंबी कतारों में खड़े होने या अस्पतालों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक डिजिटल माध्यम से पहुंचाने के उद्देश्य से फेलिक्स हॉस्पिटल और नोएडा लोक मंच दवा बैंक एवं हेल्थ सेंटर ने संयुक्त रूप से ऑनलाइन हेल्थ सर्विस शुरू करने का फैसला किया है। इस नई सेवा का शुभारंभ 7 अगस्त को सुबह 11:30 बजे सेक्टर-15 स्थित नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी में किया जाएगा। इसी अवसर पर एक मेगा हेल्थ कैंप का भी आयोजन होगा, जहां लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श की सुविधा मिलेगी।
वीडियो कॉल पर डॉक्टर से सलाह, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और ई-प्रिस्क्रिप्शन की सुविधा
कार्यक्रम का आयोजन नोएडा लोक मंच के महासचिव महेश सक्सेना और फेलिक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. डी.के. गुप्ता के सानिध्य में किया जाएगा। डॉ. डी.के. गुप्ता ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, तेज और डिजिटल बनाना है। ऑनलाइन हेल्थ सर्विस के तहत मरीज घर बैठे वीडियो कंसल्टेशन, ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और ई-प्रिस्क्रिप्शन जैसी आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। इससे विशेष रूप से उन मरीजों को राहत मिलेगी जिन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों तक पहुंचने में कठिनाई होती है।
ऑनलाइन हेल्थ कार्ड भी होगा लॉन्च, जरूरतमंद मरीजों को मिलेगा बड़ा लाभ
कार्यक्रम के दौरान ऑनलाइन हेल्थ कार्ड का शुभारंभ और वितरण भी किया जाएगा। नोएडा लोक मंच दवा बैंक से जुड़े मरीजों के लिए यह सुविधा नियमित स्वास्थ्य निगरानी और इलाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही मेगा हेल्थ कैंप में लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जाएगी। आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


