नोएडा।नोएडा जिले में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) ने वर्ष 2026-27 का बिजनेस प्लान जारी किया है। इस योजना के तहत विद्युत ढांचे को मजबूत करने के लिए 56.16 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
610 बिजली सुधार कार्यों पर होगा काम
बिजनेस प्लान के तहत नोएडा में कुल 610 विद्युत सुधार कार्य कराए जाएंगे। निगम के अनुसार, इनमें से करीब 14 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं और बाकी कार्यों को भी तय समय में पूरा करने की प्रक्रिया जारी है।
पुराने बिजली ढांचे को किया जाएगा मजबूत
योजना के तहत पुराने विद्युत नेटवर्क को आधुनिक और बेहतर बनाने का काम किया जाएगा। इसमें पुराने केबल, ट्रांसफार्मर और बिजली आपूर्ति से जुड़े अन्य उपकरणों को बदलने के साथ उनकी क्षमता बढ़ाने का कार्य शामिल है।
नए सबस्टेशन और लाइनों से मिलेगी राहत
बिजली व्यवस्था सुधार योजना के तहत नए सबस्टेशन, नई विद्युत लाइनें और अन्य जरूरी कार्य किए जाएंगे। इससे उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी और आने वाले समय में बिजली संबंधी समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।


