नोएडा। भंगेल–सालारपुर मार्केट क्षेत्र में एलिवेटेड रोड के नीचे पार्किंग का प्रावधान कराए जाने को लेकर नोएडा विलेज रेजिडेंट एसोसिएशन (नोवरा) ने नोएडा विधायक पंकज सिंह का नागरिक अभिनंदन किया। नोवरा प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को आभार-पत्र सौंपते हुए इस पहल के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।
व्यापारियों और ग्राहकों की सुविधा को बताया बड़ा कदम
नोवरा अध्यक्ष डॉ. रंजन तोमर के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में विशेष आमंत्रित सदस्य अमित त्यागी, उपाध्यक्ष अजय चौहान और महासचिव पुनीत राणा मौजूद रहे। संगठन ने कहा कि यह सम्मान भंगेल, सालारपुर और आसपास के बाजारों के व्यापारियों, दुकानदारों, किरायेदारों और हजारों ग्राहकों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
नोवरा ने बताया कि भंगेल–सालारपुर मार्केट नोएडा के सबसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्रों में से एक है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और व्यापारिक गतिविधियों के लिए पहुंचते हैं। लंबे समय से पार्किंग की कमी के कारण यहां जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती थी।
पार्किंग नहीं होती तो बढ़ती जाम की समस्या: नोवरा
संगठन ने कहा कि एलिवेटेड रोड के नीचे पार्किंग का प्रावधान नहीं किया जाता तो सड़क के दोनों ओर वाहन खड़े होने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती थी। इससे व्यापारियों के साथ-साथ आम नागरिकों और ग्राहकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता।
नोवरा के अनुसार, विधायक पंकज सिंह ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए पार्किंग सुविधा के लिए महत्वपूर्ण पहल की। वर्तमान में यहां औपचारिक पार्किंग का निर्माण नहीं हुआ है, लेकिन स्थान उपलब्ध होने से लोग अपने वाहन पार्क कर पा रहे हैं।
भविष्य में विकसित होगी व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था
नोवरा ने कहा कि यह पहल केवल पार्किंग सुविधा तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के व्यापारिक विकास, बाजार की सुव्यवस्था और नागरिकों की सुविधा से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है। संगठन ने उम्मीद जताई कि भविष्य में एलिवेटेड रोड के नीचे इस स्थान को और बेहतर तरीके से विकसित कर व्यवस्थित पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
नोवरा ने विधायक पंकज सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे फैसले नोएडा के विकास और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।


