ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में इस बार पहली बार ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ (ओडीओसी) पवेलियन बनाया जाएगा। इस विशेष पवेलियन में प्रदेश के सभी 75 जिलों के पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजनों की जानकारी एक ही स्थान पर मिलेगी। आयोजन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं और जिलों को स्टॉल आवंटित किए जा रहे हैं।
हर जिले के प्रसिद्ध व्यंजन से होगी पहचान
प्रदेश सरकार द्वारा ओडीओसी योजना के तहत प्रत्येक जिले का एक विशेष व्यंजन घोषित किया गया है। ट्रेड शो में अयोध्या की कचौरी और कुल्हड़ दही-जलेबी, अमेठी का समोसा, बुलंदशहर की खुरचन, प्रयागराज की सब्जी-कचौरी समेत प्रदेश के सभी जिलों के पारंपरिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया जाएगा। ओडीओसी पवेलियन में 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आगंतुकों को इन व्यंजनों की विशेषताओं और उनकी सांस्कृतिक विरासत की जानकारी दी जाएगी।
पारंपरिक स्वाद के साथ कारोबार को भी मिलेगा बढ़ावा
अधिकारियों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। ट्रेड शो के जरिए इन व्यंजनों से जुड़े कारोबारियों को नए बाजार और बड़े ऑर्डर मिलने की उम्मीद है। गौतमबुद्ध नगर के बेकरी उत्पाद सहित कासगंज का मूंग का दलमा, हाथरस की रबड़ी, मैनपुरी की सोनपापड़ी, बलिया का सत्तू, मऊ का लिट्टी-चोखा, झांसी का दाल बाफला और लखनऊ की रेवड़ी जैसे व्यंजन भी प्रमुख आकर्षण होंगे।
खास फूड स्टॉल पर मिलेगा 75 जिलों के स्वाद का आनंद
ट्रेड शो में ओडीओसी पवेलियन के अलावा खाने-पीने के लिए अलग फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे। ये स्टॉल हॉल नंबर-9 और हॉल नंबर-14 के सामने स्थित मार्ग पर होंगे, जहां आगंतुक प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। आगरा का पेठा, मथुरा का पेड़ा, लखनऊ के टुंडे कबाब समेत कई लोकप्रिय व्यंजन यहां उपलब्ध रहेंगे, जिससे ट्रेड शो में व्यापार के साथ उत्तर प्रदेश की समृद्ध खानपान संस्कृति का भी अनुभव मिलेगा।


