गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार रात सेंट्रल नोएडा के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई सघन चेकिंग के दौरान कुल 274 लोगों को पकड़ा गया, जो खुले में शराब पीते हुए पाए गए थे।
सेंट्रल नोएडा के एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करना और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।
पुलिस टीमों ने बुधवार रात सभी थाना क्षेत्रों में गश्त कर सार्वजनिक स्थानों, पार्कों और सड़कों के किनारे शराब पीने वालों की जांच की। इस दौरान पकड़े गए 274 लोगों को थाने लाकर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 292 के तहत कार्रवाई की गई और कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।
पकड़े गए सभी लोगों को भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई भविष्य में भी की जाती रहेगी।


