जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने 40 वर्गमीटर के आवासीय भूखंडों की योजना शुरू करने की दिशा में तैयारी तेज कर दी है। इसके लिए प्राधिकरण ने उपयुक्त जमीन की तलाश प्रारंभ कर दी है, ताकि योजना को आगे बढ़ाया जा सके।
प्राधिकरण ऐसे आवासीय सेक्टरों में जमीन की पहचान कर रहा है, जहां भूमि खरीद प्रक्रिया पूरी हो चुकी हो और दस्तावेजों में उसका नाम दर्ज हो चुका हो। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि चयनित भूमि सभी आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक शर्तों को पूरा करती हो।
दरअसल, रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (रेरा) में किसी भी आवासीय भूखंड योजना के पंजीकरण के लिए यह अनिवार्य है कि जमीन संबंधित प्राधिकरण के नाम पर दर्ज हो। इसी शर्त को ध्यान में रखते हुए यमुना प्राधिकरण जमीन को अपने नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पर जोर दे रहा है।
प्राधिकरण का उद्देश्य है कि सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद जल्द ही 40 वर्गमीटर आवासीय भूखंड योजना को रेरा पंजीकरण के साथ लॉन्च किया जाए, ताकि आवंटन प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारु तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।


