ग्रेटर नोएडा। भारतीय किसान यूनियन शहीद-ए-आज़म भगत सिंह संगठन ने दादरी टोल प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। संगठन ने आरोप लगाया है कि टोल मैनेजर द्वारा कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और जिला अध्यक्ष को धमकाने की घटना के विरोध में 20 जून को दादरी टोल पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन भाटी के नेतृत्व में होगा प्रदर्शन
संगठन की ओर से जारी सूचना के अनुसार यह धरना-प्रदर्शन 20 जून 2026 को दोपहर 12 बजे दादरी टोल पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन भाटी करेंगे। संगठन ने अपने सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और किसान साथियों से बड़ी संख्या में पहुंचकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
कार्यकर्ताओं के अपमान का आरोप
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन भाटी का कहना है कि दादरी टोल पर उनके कार्यकर्ताओं के साथ लगातार दुर्व्यवहार किया गया। आरोप है कि टोल मैनेजर ने न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया बल्कि संगठन के जिला अध्यक्ष के साथ भी अनुचित व्यवहार किया। इसे किसान सम्मान पर हमला बताते हुए संगठन ने विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि धरना-प्रदर्शन के दौरान यदि किसी किसान को कोई परेशानी होती है या किसी प्रकार की जान-माल की हानि होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।


