नोएडा। सेक्टर-50 स्थित मेघदूतम पार्क के सार्वजनिक शौचालयों की बदहाल स्थिति को लेकर डीडी आरडब्लूए फेडरेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार ने नोएडा प्राधिकरण का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि पार्क में बने शौचालय गंदगी और अव्यवस्था का शिकार हैं। शौचालय का मुख्य द्वार टूटा पड़ा है, जबकि अंदर लगे कई दरवाजे जंग लगने के कारण गलकर टूट चुके हैं। इससे पार्क आने वाले नागरिकों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पहले ही दी गई थी चेतावनी, फिर भी नहीं हुआ सुधार
संजीव कुमार ने बताया कि जब हॉर्टिकल्चर विभाग द्वारा शौचालयों में लोहे के दरवाजे लगाए जा रहे थे, तभी सुझाव दिया गया था कि दरवाजों पर उचित पेंट और जंगरोधी सुरक्षा की व्यवस्था की जाए। इसके बावजूद विभाग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। परिणामस्वरूप कुछ ही वर्षों में दरवाजे खराब होकर टूट गए और अब शौचालयों की स्थिति बेहद दयनीय हो गई है। उनका कहना है कि समय पर रखरखाव किया जाता तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती।

नियमित मेंटेनेंस और मरम्मत की मांग
डीडी आरडब्लूए फेडरेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार ने नोएडा प्राधिकरण से शौचालयों की तत्काल मरम्मत, टूटे दरवाजों को बदलने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मेघदूतम पार्क शहर के प्रमुख पार्कों में शामिल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग मॉर्निंग वॉक और अन्य गतिविधियों के लिए आते हैं। ऐसे में मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी प्राधिकरण की कार्यशैली पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो इस मुद्दे को और प्रमुखता से उठाया जाएगा।


