नोएडा। प्रधानमंत्री के ‘कारपूल करने और ईंधन बचाने’ के आह्वान को आगे बढ़ाते हुए सेक्टर-105 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने एक नई पर्यावरण-अनुकूल पहल की शुरुआत की है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय (दीपक शर्मा) के नेतृत्व में शुरू की गई इस मुहिम का उद्देश्य सेक्टर के निवासियों को कारपूलिंग के लिए प्रेरित करना है, ताकि ईंधन की बचत के साथ-साथ ट्रैफिक और प्रदूषण को भी कम किया जा सके।
व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए जुड़ेगे निवासी
इस पहल को सफल बनाने के लिए आरडब्ल्यूए एक विशेष डिजिटल एवं व्हाट्सएप ग्रुप का गठन कर रहा है। इसके माध्यम से दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा जैसे प्रमुख रूटों पर आने-जाने वाले निवासी अपने यात्रा समय और रूट की जानकारी साझा कर एक-दूसरे के साथ कारपूलिंग कर सकेंगे।
ईंधन खर्च कम होगा, सामुदायिक भावना बढ़ेगी
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य किसी प्रकार का व्यावसायिक लाभ कमाना नहीं है, बल्कि बढ़ती ईंधन लागत का बोझ साझा करना और पड़ोसियों के बीच आपसी सहयोग एवं सामुदायिक सद्भाव को मजबूत करना है। उनका कहना है कि कारपूलिंग से लोगों का समय और पैसा दोनों बचेंगे।
‘नोएडा के लिए मिसाल बन सकता है सेक्टर-105’
दिव्य कृष्णात्रेय के अनुसार यदि सेक्टर से प्रतिदिन निकलने वाली लगभग 100 कारों के स्थान पर कारपूलिंग के जरिए केवल 35 से 50 वाहन ही सड़कों पर उतरें, तो ट्रैफिक जाम और प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है। उन्होंने सेक्टरवासियों से इस स्वैच्छिक अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की और विश्वास जताया कि यह पहल पूरे नोएडा के लिए एक प्रेरणादायक मॉडल साबित हो सकती है।


