नोएडा।यमुना प्राधिकरण (YEIDA) नवरात्र के दौरान दो नई आवासीय भूखंड योजनाएं लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। इनमें एक योजना श्रमिक वर्ग के लिए होगी, जबकि दूसरी सामान्य श्रेणी के लोगों के लिए लाई जाएगी। दोनों योजनाओं का उद्देश्य अलग-अलग वर्गों की आवासीय जरूरतों को पूरा करना है।
श्रमिक वर्ग को मिलेंगे 40 वर्गमीटर के प्लॉट
प्रस्तावित योजना के तहत श्रमिक वर्ग के लिए 40 वर्गमीटर आकार के आवासीय भूखंड आवंटित किए जाएंगे। लंबे समय से इस योजना का इंतजार कर रहे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को इससे राहत मिलने की उम्मीद है।
पुराने आवंटियों पर लगेगी रोक
यमुना प्राधिकरण इस बार योजना में नया नियम लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत जिन लोगों को पहले से नोएडा, ग्रेटर नोएडा या यमुना प्राधिकरण की किसी आवासीय योजना में भूखंड आवंटित हो चुका है, वे नई योजना के लिए आवेदन नहीं कर सकेंगे।
पिछली योजना को मिले थे एक लाख से अधिक आवेदन
चालू वित्त वर्ष में यमुना प्राधिकरण ने 973 आवासीय भूखंडों का आवंटन किया था, जिसके लिए एक लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। इससे स्पष्ट है कि प्राधिकरण की आवासीय योजनाओं के प्रति लोगों में काफी उत्साह है और नई योजनाओं को लेकर भी बड़ी संख्या में आवेदन आने की संभावना है।


