नोएडा।उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए 74 किलोमीटर लंबे लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना से एयरपोर्ट तक सीधी और तेज कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।
‘नया नोएडा’ को मिलेगा सीधा लाभ
इस लिंक एक्सप्रेसवे का सबसे बड़ा लाभ दादरी-नोएडा-गाजियाबाद निवेश क्षेत्र (डीएनजीआईआर) के रूप में विकसित हो रहे ‘नया नोएडा’ को मिलेगा। करीब 209 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में बसाए जा रहे इस नए शहर को बेहतर सड़क नेटवर्क और तेज परिवहन सुविधा मिलेगी।
जमीन अधिग्रहण और रोटरी की योजना
परियोजना के लिए बुलंदशहर और ग्रेटर नोएडा के 80 गांवों में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। लिंक एक्सप्रेसवे का लगभग 20 किलोमीटर हिस्सा ‘नया नोएडा’ के पास से गुजरेगा, जहां लोगों की आसान आवाजाही के लिए रोटरी (इंटरचेंज) बनाने की योजना है।
चार चरणों में विकसित होगा नया नोएडा
अधिकारियों के अनुसार, ‘नया नोएडा’ का विकास मास्टर प्लान के तहत चार चरणों में किया जाएगा। वर्ष 2041 तक इस शहर को पूरी तरह विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे यह प्रदेश का एक प्रमुख औद्योगिक और आवासीय केंद्र बन सकेगा।


