नोएडा। आजादी के बाद देश विकसित भारत के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। कुछ कमियां हैं, जिन्हें दूर करने का प्रयास किया जाएगा। नया नोएडा की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को तेज कर विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। शनिवार को सेक्टर-96 स्थित मुख्य प्रशासनिक भवन में स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने यह बात कही। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सीईओ ने प्रशासनिक भवन में ध्वजारोहण किया।
हर क्षेत्र और वर्ग का विकास ही विकसित भारत का उद्देश्य
सीईओ कृष्णा करुणेश ने कहा कि विकसित भारत का उद्देश्य समाज के हर क्षेत्र और वर्ग का विकास करना है। उन्होंने कहा कि समाज में सभी को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। सम्मान की शुरुआत अपने व्यवहार से होती है और हमें सबसे पहले खुद से इसकी शुरुआत करनी चाहिए।
निष्ठा और ईमानदारी से निभाएं अपनी जिम्मेदारी
कृष्णा करुणेश ने कहा कि जिस संस्था में हम कार्य करते हैं, वहां अपनी जिम्मेदारी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभानी चाहिए। संस्था की प्रगति में प्रत्येक कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था में सीईओ से लेकर पत्रवाहक तक सभी समान रूप से जरूरी हैं और सभी का योगदान संस्था को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण होता है।
नया नोएडा के विकास पर रहेगा विशेष जोर
प्राधिकरण सीईओ ने कहा कि नोएडा के विकास को नई गति देने के लिए जरूरी योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। नया नोएडा की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाकर विकास कार्यों को गति देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ना ही विकसित भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


