
नोएडा: सेक्टर-43 में सफाई व्यवस्था को लेकर आरडब्ल्यूए ने नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग से शिकायत की है। आरडब्ल्यूए के अनुसार सेक्टर में वर्तमान में केवल 2-3 सफाई कर्मचारी तैनात हैं, जबकि सेक्टर के A, B और C ब्लॉक में करीब 200-300 परिवार रहते हैं। कर्मचारियों की कमी के कारण नियमित सफाई नहीं हो पा रही है।

एक दिन में एक सड़क की सफाई, कई जगह सप्ताह में एक बार झाड़ू
आरडब्ल्यूए का कहना है कि सफाई कर्मचारियों की संख्या कम होने के कारण कई बार एक दिन में केवल एक सड़क की सफाई हो पाती है। अगले दिन दूसरी और उसके बाद तीसरी सड़क की सफाई होती है। अलग-अलग ब्लॉकों में इसी तरह सफाई होने के चलते कई स्थानों पर सप्ताह में केवल एक बार ही झाड़ू लग पाती है।
कूड़ा और जंगली घास से सेक्टर की तस्वीर खराब
सफाई नियमित नहीं होने के कारण सेक्टर में जगह-जगह कूड़ा, गंदगी और झाड़ियां दिखाई दे रही हैं। कई स्थानों पर जंगली घास भी उग आई है। आरडब्ल्यूए का कहना है कि इससे सेक्टर की स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में पहले भी कई बार प्राधिकरण को अवगत कराया जा चुका है।
स्वास्थ्य विभाग से पर्याप्त कर्मचारी और नियमित सफाई की मांग
आरडब्ल्यूए ने नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक (स्वास्थ्य) आर. पी. सिंह को पत्र देकर सेक्टर-43 में पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की तैनाती की मांग की है। पत्र के साथ सेक्टर की वर्तमान स्थिति की तस्वीरें भी भेजी गई हैं। आरडब्ल्यूए ने झाड़ियों और जंगली घास की तत्काल सफाई कराने के साथ नियमित एवं प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।


