नोएडा। शहर की सड़कों पर निजी वाहनों पर ‘भारत सरकार’ या ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ लिखवाकर घूमने, खिड़कियों पर प्रतिबंधित काली फिल्म लगाने और ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट न होने के मामलों पर आरडब्ल्यूए सेक्टर-105 ने गंभीर चिंता जताई है। आरडब्ल्यूए ने इसे शहर की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए संभावित खतरा बताया है।

सरकारी नाम का अनधिकृत इस्तेमाल जांच से बचने की आशंका
आरडब्ल्यूए के अनुसार, निजी वाहनों पर ‘भारत सरकार’ या ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ का अनधिकृत इस्तेमाल पुलिस जांच से बचने, टोल टैक्स से बचने या अन्य आपराधिक गतिविधियों के लिए किया जा सकता है। आरडब्ल्यूए ने कहा कि इस तरह का कृत्य भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन कानूनों के तहत कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।
ना नंबर प्लेट ट्रैक्टर और काली फिल्म वाले वाहन बने चिंता का विषय
आरडब्ल्यूए ने शहर में बिना आगे-पीछे नंबर प्लेट के भारी ट्रैक्टरों के बढ़ते संचालन पर भी चिंता जताई है। संगठन का कहना है कि ऐसे ट्रैक्टरों का व्यावसायिक कार्यों में इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, काली फिल्म और गायब नंबर प्लेट के कारण किसी दुर्घटना या अपराध की स्थिति में वाहन और चालक की पहचान करना मुश्किल हो सकता है।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने की सख्त अभियान चलाने की मांग
आरडब्ल्यूए सेक्टर-105 के अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने नोएडा पुलिस और यातायात विभाग से बिना नंबर प्लेट के व्यावसायिक कार्यों में लगे ट्रैक्टरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने निजी वाहनों पर सरकारी नाम के अनधिकृत इस्तेमाल, प्रतिबंधित काली फिल्म और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त कानूनी कार्रवाई की अपील की है।



