नोएडा। सेक्टर-116 और सेक्टर-117 के मध्य प्रस्तावित बहुप्रतीक्षित आर्यमंडल पार्क के निर्माण को लेकर RWA सेक्टर-117 के प्रतिनिधिमंडल ने नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) वंदना त्रिपाठी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने पार्क निर्माण को लेकर क्षेत्रवासियों की चिंताओं से उन्हें अवगत कराया।
पार्क निर्माण टलने की खबर से हजारों निवासियों में निराशा
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि समाचार पत्रों में आर्यमंडल पार्क के निर्माण को टाले जाने संबंधी खबर प्रकाशित होने के बाद सेक्टर-116, सेक्टर-117 और आसपास की हाईराइज सोसाइटी में रहने वाले हजारों लोगों में निराशा का माहौल है। क्षेत्र के निवासी लंबे समय से इस पार्क के निर्माण की मांग कर रहे हैं और RWA-117 भी कई वर्षों से प्राधिकरण से इसके शीघ्र निर्माण की मांग करती आ रही है।
एसीईओ ने कहा- परियोजना रद्द नहीं, नए कॉन्सेप्ट पर हो रहा विचार
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने प्रतिनिधिमंडल को स्पष्ट किया कि नोएडा प्राधिकरण ने आर्यमंडल पार्क परियोजना को समाप्त या रद्द नहीं किया है। उन्होंने बताया कि पार्क के कॉन्सेप्ट में बदलाव किया जा रहा है और प्राधिकरण दो से तीन अलग-अलग कॉन्सेप्ट पर विचार कर रहा है, ताकि क्षेत्रवासियों को एक बेहतर और अधिक उपयोगी पार्क उपलब्ध कराया जा सके।
32 एकड़ में पार्क के साथ बच्चों के लिए विकसित होंगे खेल मैदान
मुख्य कार्यपालक अधिकारी के दिशा-निर्देशों के अनुसार प्रस्तावित करीब 32 एकड़ भूमि पर सुंदर और आकर्षक पार्क विकसित करने के साथ बच्चों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों से जुड़े छोटे-छोटे खेल मैदान बनाने पर भी गंभीरता से विचार किया जा रहा है। इससे सेक्टर-116, 117 और आसपास की सोसाइटी के निवासियों को मनोरंजन और खेलकूद की बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।


