नोएडा में के लोगों को जल्द ही डाक सेवाओं के लिए दूर स्थित डाकघरों तक नहीं जाना पड़ेगा। भारतीय डाक विभाग जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नई डाक फ्रेंचाइजी खोलने जा रहा है, जिससे लोगों को अपने ही क्षेत्र में डाक संबंधी सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
15 जुलाई से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
डाक विभाग की ओर से फ्रेंचाइजी खोलने के लिए 15 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रवर अधीक्षक डाकघर, गौतमबुद्ध नगर मंडल के अनुसार व्यक्ति और फर्म दोनों आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
प्रधान डाकघर से मिलेगी पूरी जानकारी
फ्रेंचाइजी के लिए पात्रता, नियम एवं शर्तों की विस्तृत जानकारी जिले के किसी भी प्रधान डाकघर, उपडाकघर या सेक्टर-16 स्थित प्रवर अधीक्षक डाकघर कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।
फ्रेंचाइजी पर मिलेंगी सभी प्रमुख डाक सेवाएं
फ्रेंचाइजी लेने वाले व्यक्ति या संस्था को भारतीय डाक विभाग की ओर से अधिकृत केंद्र संचालित करने का अवसर मिलेगा। इन केंद्रों पर स्पीड पोस्ट, रजिस्ट्री, पार्सल बुकिंग, डाक सामग्री की बिक्री, पार्सल पिक-अप और विभाग द्वारा निर्धारित अन्य डाक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
रोजगार के साथ बढ़ेगी लोगों की सुविधा
नई डाक फ्रेंचाइजी खुलने से जहां लोगों को अपने क्षेत्र में ही डाक सेवाएं मिलेंगी, वहीं फ्रेंचाइजी संचालकों के लिए स्वरोजगार और आय का नया माध्यम भी तैयार होगा। इससे डाक सेवाओं की पहुंच और प्रभावशीलता दोनों बढ़ेंगी।
लोगों तक सेवाएं पहुंचाना है उद्देश्य
प्रवर अधीक्षक डाकघर, गौतमबुद्ध नगर मंडल भूर सिंह मीणा ने बताया कि फ्रेंचाइजी योजना का मुख्य उद्देश्य डाक सेवाओं को लोगों के और करीब पहुंचाना तथा उन्हें बेहतर और सुलभ सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


