नोएडा। फेलिक्स हास्पिटल ने सेक्टर-15 स्थित नोएडा पब्लिक लाइब्रेरी में नोएडा लोक मंच के सहयोग से शहरवासियों के लिए शुक्रवार को ऑनलाइन हेल्थ सर्विस शुरू की। इस सेवा का लाभ लेने के लिए लोगों को केवल 30 रुपये शुल्क देना होगा। हास्पिटल के सीएमडी डा. डीके गुप्ता ने बताया कि इसके तहत लोगों को वीडियो कंसल्टेशन, ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट और ई-प्रिस्क्रिप्शन की सुविधा मिलेगी।
बुजुर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को मिलेगा लाभ
हास्पिटल प्रबंधन के अनुसार ऑनलाइन स्वास्थ्य सेवा से विशेष रूप से बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लाभ मिलेगा। लोग घर बैठे डॉक्टर से वीडियो के माध्यम से परामर्श ले सकेंगे। ऑनलाइन परामर्श की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी, जिससे जरूरत के समय लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह मिल सकेगी।
आपात स्थिति में निश्शुल्क एंबुलेंस और दवाओं पर छूट
आपातकालीन स्थिति में 20 किलोमीटर के दायरे में मरीजों को निश्शुल्क एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा दवाओं पर 15 प्रतिशत छूट मिलेगी। एंबुलेंस के माध्यम से मरीजों को फेलिक्स हास्पिटल या सरकारी अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा। वहीं, फेलिक्स हास्पिटल की आइपीडी में उपचार कराने पर 30 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
नौ अगस्त को होगा मेगा हेल्थ कैंप
नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना ने बताया कि नौ अगस्त को मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में हास्पिटल की एमडी डा. रश्मि गुप्ता, विनीत गर्ग, पवन यादव, आरएन श्रीवास्तव, कुशाग्र अवस्थी, जमील अहमद, एसके जैन, वीके जैन, मुकुल बाजपेयी, रेनू छिब्बर, विभा बंसल, विनोद शर्मा, ओपी पारीक, ब्रज गोपाल और प्रदीप मौजूद रहे।


