
नोएडा। सेक्टर 105 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) ने क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विद्युत निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने प्रशंसा पत्र जारी कर विद्युत निगम की प्रशासनिक कार्यकुशलता और जमीनी स्तर पर दिखाई गई तत्परता की सराहना की।

एक्सईएन वैभव मिश्रा के नेतृत्व की प्रशंसा
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय ने कहा कि अधिशासी अभियंता (XEN) वैभव मिश्रा के कुशल नेतृत्व और दूरदर्शी मार्गदर्शन में क्षेत्र में रखरखाव एवं विकास कार्य सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनहित से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों के संज्ञान में आते ही प्राथमिकता के आधार पर बिना किसी देरी के समाधान किया जा रहा है।
एसडीओ और जेई की संवेदनशील कार्यशैली की सराहना
दिव्य कृष्णात्रेय ने उपखंड अधिकारी (SDO) होशियार सिंह और अवर अभियंता (JE) अहमद मुस्तफा की कार्यशैली की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों का संवेदनशील रवैया और जनसेवा के प्रति समर्पण प्रशासनिक सजगता की उत्कृष्ट मिसाल है, जिससे क्षेत्र के निवासियों को बेहतर सेवाएं मिल रही हैं।
लाइनमैन और तकनीकी टीम के योगदान को सराहा
आरडब्ल्यूए ने लाइनमैन संजय और उनकी तकनीकी टीम के योगदान को भी विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी ग्राउंड स्टाफ पूरी निष्ठा और तत्परता के साथ जनता की सेवा में जुटा रहता है। आरडब्ल्यूए ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विद्युत निगम और सेक्टरवासियों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग बना रहेगा।


