नोएडा। उत्तर प्रदेश शासन ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा के महानिदेशक डॉ. पवन कुमार अरुण को महानिदेशक, परिवार कल्याण उत्तर प्रदेश, लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। इस संबंध में चिकित्सा अनुभाग-2 के विशेष सचिव रवि रंजन ने आदेश जारी करते हुए डॉ. पवन कुमार अरुण को तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए हैं।
शासन के अनुसार, परिवार कल्याण विभाग के महानिदेशक डॉ. हरिदास अग्रवाल 30 जून को सेवानिवृत्त हो गए हैं। उनके सेवानिवृत्त होने के बाद नियमित नियुक्ति होने तक विभाग का कार्यभार अस्थायी रूप से डॉ. पवन कुमार अरुण को सौंपा गया है, ताकि विभागीय कार्यों का संचालन सुचारु रूप से जारी रह सके।
डॉ. पवन कुमार अरुण वर्तमान में उत्तर प्रदेश के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा विभाग के महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं। स्वास्थ्य प्रशासन में उनके अनुभव को देखते हुए शासन ने उन्हें परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी है। इससे दोनों विभागों के बीच बेहतर समन्वय और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की उम्मीद जताई जा रही है।
डॉ. पवन कुमार अरुण का नोएडा से भी विशेष जुड़ाव रहा है। वर्ष 2022 में उन्होंने सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) के रूप में सेवाएं दी थीं। इसके बाद पदोन्नति मिलने पर उनकी तैनाती लखनऊ में हुई, जहां अब उन्हें एक और महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई है।


