नोएडा। नोएडा फेडरेशन ऑफ अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन्स (NOFAA) के नव-निर्वाचित बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की पहली बैठक अध्यक्ष पुनीत शर्मा और महासचिव सुरोजित दासगुप्ता के नेतृत्व में आयोजित हुई। बैठक में कोषाध्यक्ष राजीव सक्सेना, उपाध्यक्ष उमाशंकर शर्मा, अब्दुल बारी और संदीप भट्ट, सचिव सुशील बहुगुणा और सुरेश शर्मा, संयुक्त सचिव रजनीश नंदन और अंकित श्रीवास्तव सहित कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र सिंह उपस्थित रहे। बैठक में नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हाईराइज सोसायटियों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
अग्नि सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा प्रस्ताव
बैठक का प्रमुख विषय हाईराइज सोसायटियों में अग्नि सुरक्षा और फायर विभाग की आपातकालीन तैयारियां रहीं। बोर्ड ने चिंता जताई कि तेजी से बढ़ रही बहुमंजिला आवासीय सोसायटियों के अनुरूप अत्याधुनिक फायर फाइटिंग उपकरण, पर्याप्त संसाधन, नियमित मॉक ड्रिल और प्रभावी आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को और मजबूत किए जाने की आवश्यकता है। NOFAA ने बताया कि इस संबंध में संबंधित विभागों को पहले ही विस्तृत ज्ञापन सौंपा जा चुका है। अब सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि प्रदेश के लाखों हाईराइज निवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह मुद्दा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के समक्ष भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
पोलियो अभियान और डीजल नियमों में राहत पर जताया आभार
बैठक में बोर्ड ने गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम. एम. त्रिपाठी का विशेष आभार व्यक्त किया। महासचिव सुरोजित दासगुप्ता के अनुरोध के तुरंत बाद जनपद की हाईराइज सोसायटियों में पोलियो टीकाकरण अभियान शुरू किया गया, जिसके पहले दो दिनों में ही 5,000 से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा चुकी है। साथ ही, भारत सरकार द्वारा डीजल खरीद से जुड़े नियमों को सरल बनाए जाने के निर्णय का भी स्वागत किया गया। NOFAA के अनुसार इससे बिजली कटौती के दौरान डीजल जनरेटर के माध्यम से लिफ्ट, जलापूर्ति, अग्निशमन प्रणाली और अन्य आवश्यक सेवाओं का संचालन अधिक सुगमता से हो सकेगा।
कानून व्यवस्था और बेहतर शहरी जीवन पर रहेगा फोकस
बैठक में नोएडा के कुछ सेक्टरों में कानून व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बोर्ड ने निर्णय लिया कि इन विषयों को जल्द ही नोएडा पुलिस कमिश्नरेट के समक्ष उठाया जाएगा। इस अवसर पर अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने कहा कि नई कार्यकारिणी प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ सकारात्मक समन्वय स्थापित कर हाईराइज सोसायटियों के निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगी। वहीं महासचिव सुरोजित दासगुप्ता ने कहा कि NOFAA का उद्देश्य केवल समस्याएं उठाना नहीं, बल्कि प्रशासन के सहयोग से उनके व्यावहारिक और दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करना है। बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि संगठन भविष्य में भी नोएडा और ग्रेटर नोएडा के हाईराइज निवासियों के हितों की मजबूती से आवाज उठाता रहेगा और बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक शहरी जीवन के लिए निरंतर प्रयास करेगा।


