ग्रेटर नोएडा। बीटा-दो कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय सिंथेटिक ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 143 ग्राम नशीला पदार्थ एमडीएमए (क्रिस्टल), इलेक्ट्रॉनिक तराजू, तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी और 17,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
डीसीपी ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर चाई-4 स्थित जनता फ्लैट सोसायटी के पीछे सर्विस रोड पर तीन व्यक्ति बड़ी मात्रा में एमडीएमए बेचने पहुंचे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर स्कूटी सवार तीनों आरोपितों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने ड्रग्स की तस्करी और बिक्री में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली।
गाजियाबाद और दिल्ली से जुड़े हैं आरोपित
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गाजियाबाद के विजयनगर निवासी अरुण कसाना, बिसरख की संपूर्णम सोसायटी निवासी अतुल सिंह और नाइजीरिया के नागरिक चिडुबेम स्टेनली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गिरोह दिल्ली से एमडीएमए लाकर एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में ऑनलाइन माध्यम से इसकी सप्लाई करता था।
बिना वीजा रह रहा था नाइजीरियाई नागरिक
जांच के दौरान नाइजीरियाई नागरिक चिडुबेम स्टेनली अपने पासपोर्ट और वीजा से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वह दिल्ली के उत्तम नगर में रह रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ विदेशी अधिनियम की धारा-14 के तहत भी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार वह वर्ष 2025 में भी दिल्ली में ड्रग्स तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जांच जारी है।


