ग्रेटर नोएडा। शहर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं आधुनिक बनाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण मैकेनिकल रोड स्वीपिंग प्रणाली का विस्तार करने जा रहा है। इसके तहत ग्रेटर नोएडा वेस्ट और ग्रेटर नोएडा ईस्ट की प्रमुख सड़कों की सफाई के लिए दो नई ट्रक माउंटेड मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें खरीदी जाएंगी। इस परियोजना पर लगभग चार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
ओपेक्स मॉडल पर होगा संचालन
प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम ने बताया कि वर्तमान में प्राधिकरण के पास केवल दो स्वयं की मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें हैं। नई मशीनों में से एक ग्रेटर नोएडा वेस्ट और दूसरी ग्रेटर नोएडा ईस्ट में तैनात की जाएगी। इनका संचालन ओपेक्स (OPEX) मॉडल पर होगा, जिसमें मशीनों के संचालन और रखरखाव की जिम्मेदारी निजी एजेंसी की होगी, जबकि प्राधिकरण कार्य के आधार पर भुगतान करेगा।
मौजूदा मशीनें नहीं कर पा रहीं पूरे शहर की सफाई
अधिकारियों के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग द्वारा ठेके पर चार और परियोजना विभाग द्वारा ग्रेटर नोएडा वेस्ट में दो मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें संचालित की जा रही हैं। इस तरह वर्तमान में कुल आठ मशीनें कार्यरत हैं, लेकिन शहर के लगातार बढ़ते दायरे के कारण इनसे पूरे क्षेत्र का प्रभावी कवरेज नहीं हो पा रहा है। नई मशीनों के शामिल होने से सफाई व्यवस्था को और गति मिलेगी।
जीपीएस से होगी निगरानी, भविष्य में और मशीनें खरीदने की योजना
प्राधिकरण ने बताया कि सभी नई मशीनों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे कंट्रोल रूम से उनकी निगरानी की जा सकेगी और सफाई कार्य की पारदर्शिता व गुणवत्ता सुनिश्चित होगी। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में नई सड़कों के विकसित होने के साथ शहर की जरूरतों को देखते हुए चार और मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें खरीदने की योजना भी तैयार की जा रही है।


