नोएडा। प्राधिकरण की ओर से सेक्टर-126 में 283.23 लाख रुपये की लागत से मॉडल रोड का विकास किया जाएगा। यह क्षेत्र विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थागत इकाइयों और विद्यालयों का केंद्र है। आवागमन को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के साथ क्षेत्र की सुंदरता बढ़ाने के उद्देश्य से सीईओ कृष्णा करुणेश के निर्देश पर यह विकास कार्य किया जा रहा है।
450 मीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी होगी सड़क
प्राधिकरण के महाप्रबंधक सिविल एके अरोड़ा ने बताया कि परियोजना के तहत करीब 450 मीटर लंबी और 30 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा। मॉडल रोड के निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और वाहन चालकों के साथ पैदल यात्रियों को भी सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
फुटपाथ पर ग्रेनाइट और टैक्टाइल टाइल्स लगेंगी
मॉडल रोड के दोनों ओर व्यवस्थित फुटपाथ और नालियों का निर्माण किया जाएगा। फुटपाथ के सुंदरीकरण के लिए ग्रेनाइट स्टोन और टैक्टाइल टाइल्स का उपयोग किया जाएगा। इससे पैदल यात्रियों को सुरक्षित और व्यवस्थित मार्ग उपलब्ध होगा। टैक्टाइल टाइल्स विशेष रूप से दृष्टिबाधित लोगों के लिए भी उपयोगी होंगी।
सड़क बनने से यातायात और सुंदरता में होगा सुधार
प्राधिकरण के अनुसार विकास कार्य पूरा होने के बाद सेक्टर-126 की सुविधाओं, यातायात व्यवस्था और क्षेत्र की सुंदरता में उल्लेखनीय सुधार होगा। मॉडल रोड से क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। परियोजना स्थानीय निवासियों और यहां आने वाले लोगों के लिए भी सकारात्मक बदलाव लेकर आएगी।


