
नोएडा: सेक्टर-63 स्थित जोखिम प्रबंधन प्रौद्योगिकी प्रदाता कंपनी मुद्राक्ष के सर्वर में सेंधमारी कर साइबर अपराधियों ने खातेदारों के करीब 11 करोड़ रुपये से कथित तौर पर ट्रेडिंग की। आरोपियों ने कंपनी के सर्वर को हैक कर मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) के व्यापार मंच पर अनधिकृत पहुंच बनाई। इसके बाद सात ग्राहकों के ट्रेडिंग खातों के माध्यम से कथित रूप से गलत तरीके से ट्रेडिंग की गई।

स्थिर आईपी के जरिए सिस्टम में बनाई पहुंच
साइबर थाना पुलिस के मुताबिक, इस मामले में सेक्टर-61 निवासी प्रियांक द्विवेदी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार 17 जून 2026 की रात करीब 10:30 से 11:30 बजे के बीच जालसाजों ने कंपनी के सिस्टम और पंजीकृत स्थिर आईपी पते का अनधिकृत इस्तेमाल किया। इसके बाद सर्वर में सेंध लगाकर एमसीएक्स ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म तक पहुंच बनाई गई।
कम तरलता वाले सिल्वर ऑप्शंस में 1238 ऑर्डर
जांच के अनुसार आरोपियों ने सात ग्राहकों के ट्रेडिंग खातों का इस्तेमाल करते हुए कम तरलता वाले सिल्वर ऑप्शंस अनुबंधों में कथित अनधिकृत कारोबार किया। इस दौरान 1,238 ऑर्डर के जरिए करीब 5,559 अनुबंधों में ट्रेडिंग किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले में प्राथमिकी 18 जून को दर्ज की गई थी।
पुलिस ने आरोपी अंकित राय को किया गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर अंकित राय नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी को चार सितंबर को अदालत में पेश किया गया। फिलहाल आरोपी जमानत पर बाहर है। पुलिस मामले में साइबर अपराध से जुड़े अन्य पहलुओं और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।


