नोएडा।कांग्रेस ने पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक को उत्तराखंड के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति राज्यसभा सांसद और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरपर्सन पवन खेड़ा ने की है। इस जिम्मेदारी के साथ पंखुड़ी पाठक उत्तराखंड चुनाव में कांग्रेस की मीडिया रणनीति और पार्टी के पक्ष को प्रभावी तरीके से रखने में अहम भूमिका निभाएंगी।
जिम्मेदारी मिलने पर जताया आभार
नियुक्ति के बाद पंखुड़ी पाठक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और पवन खेड़ा का आभार जताया। उन्होंने लिखा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें राष्ट्रीय मीडिया समन्वयक-उत्तराखंड मनोनीत करने पर वह पार्टी नेतृत्व की आभारी हैं। उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी की ओर से दी गई जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगी।
दिल्ली विश्वविद्यालय से शुरू हुआ राजनीतिक सफर
पंखुड़ी पाठक का राजनीतिक सफर छात्र जीवन से शुरू हुआ। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई के दौरान छात्र राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। वर्ष 2010 में उन्होंने दिल्ली के हंसराज कॉलेज में ज्वाइंट सेक्रेटरी का चुनाव जीता था। इसके बाद वह मुख्यधारा की राजनीति में सक्रिय हो गईं। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री भी हासिल की है।
2010 में समाजवादी पार्टी से जुड़ीं
पंखुड़ी पाठक वर्ष 2010 में समाजवादी पार्टी में शामिल हुई थीं। इसके बाद उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की क्रांति रथ यात्रा में भी हिस्सा लिया। वर्ष 2013 में उन्हें लोहिया वाहिनी का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया। इसके बाद वर्ष 2016 में उन्हें समाजवादी पार्टी का प्रवक्ता बनाया गया।


