नोएडा।ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र स्थित सेक्टर-22डी की आवासीय सोसायटी में रह रहे विदेशी नागरिक डेस्टिनी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जून 2023 में तीन माह के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। वीजा की अवधि करीब तीन वर्ष पहले समाप्त हो चुकी थी, इसके बावजूद वह कथित रूप से सोसायटी में रह रहा था।
ग्रेटर नोएडा सेक्टर-22डी के निवासियों ने विदेशी नागरिकों की जांच की उठाई थी मांग
यमुना प्राधिकरण की सेक्टर-22डी आवासीय सोसायटी के निवासियों द्वारा पिछले कुछ महीनों से सोसायटी में रहने वाले विदेशी नागरिकों की जांच कराने की मांग पुलिस से की जा रही थी। निवासियों ने पुलिस से वीजा और अन्य दस्तावेजों की जांच कराने की अपील की थी।
ग्रेटर नोएडा सेक्टर-22डी सोसायटी में आठवीं मंजिल से उतरने का वीडियो हुआ था वायरल
निवासियों का आरोप है कि नाइजीरिया मूल के कुछ किरायेदार कथित रूप से अवैध गतिविधियों में संलिप्त हैं। उनका यह भी दावा है कि कई विदेशी नागरिक वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद सोसायटी में रह रहे हैं। कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक विदेशी नागरिक फ्लैट के पिछले हिस्से से करीब आठवीं मंजिल से नीचे उतरता दिखाई दे रहा था।
दनकौर पुलिस ने ग्रेटर नोएडा सेक्टर-22डी में पहुंचकर की जांच
निवासियों द्वारा लगाए गए आरोपों और वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर मांग तेज हुई। सूचना के आधार पर बृहस्पतिवार रात दनकौर पुलिस सेक्टर-22डी सोसायटी पहुंची। पुलिस ने बाहर टहल रहे एक विदेशी नागरिक को रोककर उसके पासपोर्ट और वीजा की जांच की, जिसके बाद डेस्टिनी को गिरफ्तार कर लिया गया।


