नोएडा।डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर स्थित पाली और बोड़ाकी अंडरपास में अंधेरे की समस्या जल्द दूर होगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने दोनों अंडरपास में एलईडी लाइट लगाने के लिए निविदा जारी कर दी है। इससे रात के समय यहां से गुजरने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्रेटर नोएडा के साकीपुर अंडरपास में भी बढ़ाई जाएंगी एलईडी लाइटें
पाली और बोड़ाकी के साथ गुलिस्तानपुर-साकीपुर अंडरपास में भी प्रकाश व्यवस्था बेहतर की जाएगी। प्राधिकरण के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के अनुसार, बोड़ाकी, पाली और साकीपुर तीनों अंडरपास में मिलाकर 100 से अधिक एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी।
ग्रेटर नोएडा के गुलिस्तानपुर-साकीपुर अंडरपास में बढ़ेगा रोशनी का इंतजाम
गुलिस्तानपुर-साकीपुर अंडरपास में पहले से लाइटें लगी हुई हैं, लेकिन यहां बढ़ते आवागमन और सुरक्षा को देखते हुए रोशनी बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए अतिरिक्त लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे रात में अंडरपास के अंदर पर्याप्त रोशनी रहे।
ग्रेटर नोएडा के अंडरपास से रोजाना गुजरते हैं हजारों लोग
प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक अर्जुन कुमार ने बताया कि निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक से दो माह में काम शुरू कर दिया जाएगा। इन अंडरपासों से रोजाना हजारों लोग आवाजाही करते हैं। रात के समय अंधेरा होने के कारण हादसे की आशंका बनी रहती थी और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।


