नोएडा।नोएडा के सेक्टर-105 स्थित सेंट्रल पार्क में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक प्रेरणादायक महा-सफाई एवं वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान की सबसे खास बात यह रही कि इसकी कमान स्टेप बाय स्टेप स्कूल, नोएडा के सजग छात्रों प्रशस्त कुमार, तिश्या पुरी, शिवनंदिनी धौल, यशवी टंडन और कबीर सिंह दयाल ने संभाली। बच्चों ने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ श्रमदान कर समाज के सामने एक मिसाल पेश की।
बच्चों ने 160 किलो कचरा किया साफ
अभियान के दौरान बच्चों ने पार्क के कोने-कोने में सफाई अभियान चलाकर करीब 160 किलोग्राम कचरा एकत्र किया। बच्चों की मेहनत और समर्पण से पार्क को काफी हद तक कचरा मुक्त बनाया गया। स्वच्छता अभियान के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए पार्क परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने बढ़ाया उत्साह
बच्चों के जज्बे और श्रमदान को प्रोत्साहित करने के लिए कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग भी अभियान में शामिल हुए। दिल्ली हाई कोर्ट के माननीय जस्टिस अनीश दयाल, भारत सरकार के पूर्व गृह सचिव एवं पूर्व वरिष्ठ आईएएस डॉ. प्रदीप कुमार, नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक ए.के. अरोड़ा, उद्यान विभाग के डायरेक्टर आनंद मोहन एवं डिप्टी डायरेक्टर प्रशांत सिंह ने अभियान में सहभागिता कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। वहीं नोएडा प्राधिकरण के हेल्थ इंस्पेक्टर राकेश भाटी और सतीश मिश्रा ने प्रशासनिक सहयोग के साथ कचरे के त्वरित निस्तारण में अहम भूमिका निभाई।
RWA सेक्टर-105 ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
अभियान के सफल आयोजन में सेक्टर-105 की आरडब्ल्यूए टीम और स्थानीय निवासियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष दिव्य कृष्णात्रेय, महासचिव राजीव दुबलिश, कोषाध्यक्ष सुरेश बंसल, संयुक्त सचिव अनिल भदौरिया और वरिष्ठ पदाधिकारी महेश चौहान सहित सेक्टर के निवासियों ने कार्यक्रम का समन्वय किया। आरडब्ल्यूए ने भविष्य में भी स्वच्छता, हरियाली और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों को लगातार जारी रखने का संकल्प लिया। बच्चों की इस छोटी-सी पहल ने यह संदेश दिया कि समाज में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत किसी भी उम्र में की जा सकती है।


