नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने स्ट्रे डॉग के फीडिंग प्वाइंट और उनसे जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए पहल तेज कर दी है। अलग-अलग सोसायटियों में डॉग फीडिंग को लेकर होने वाले विवादों को सुलझाने के लिए प्राधिकरण ने सभी संबंधित पक्षों के साथ बैठक करने का रोस्टर जारी किया है। इसके लिए सोसायटियों के प्रतिनिधियों, एओए और आरडब्ल्यूए को पत्र के माध्यम से जानकारी दी गई है।
ला रेजीडेंसिया और ड्रीम वैली में हुई बैठक
प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक टेकजोन-4 स्थित ला रेजीडेंसिया और आम्रपाली ड्रीम वैली सोसायटी में स्ट्रे डॉग के फीडिंग प्वाइंट को लेकर मिली शिकायत के निस्तारण के लिए छह अगस्त को बैठक की गई। बैठक में सोसायटी की मेंटेनेंस टीम, एओए के पांच सदस्य और अधिकतम पांच डॉग फीडर शामिल हुए। संबंधित पक्षों के बीच फीडिंग प्वाइंट को लेकर सामने आ रही समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की गई।
कई विभागों को भेजी गई पत्र की प्रति
बैठक से संबंधित पत्र की प्रति मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, थाना प्रभारी बिसरख, जिला पशु क्रूरता निवारण समिति और एचसीएल फाउंडेशन समेत अन्य संबंधित विभागों को भी भेजी गई है। प्राधिकरण का उद्देश्य है कि सोसायटियों में डॉग फीडिंग को लेकर होने वाले विवादों का समाधान आपसी समन्वय से किया जाए और सभी संबंधित पक्षों की समस्याओं को सुना जाए।
24 सोसायटियों के लिए जारी हुआ बैठक का शेड्यूल
बैठक में सामने आए सुझावों के आधार पर प्राधिकरण ने पूरे ग्रेटर नोएडा क्षेत्र की 24 सोसायटियों के लिए बैठक का शेड्यूल जारी कर दिया है। रोस्टर के अनुसार अगली बैठक 13 अगस्त को हिमालय प्राइड और 20 अगस्त को जेपी ग्रींस में होगी। इन बैठकों में सोसायटी प्रबंधन, एओए-आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों और डॉग फीडरों की मौजूदगी में फीडिंग प्वाइंट से जुड़े मामलों पर चर्चा कर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।


