नोएडा। नोएडा के फेज-3 थाना पुलिस ने फर्जी बैंक खाते खोलकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराने और एपीके फाइल भेजकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गढ़ी चौखंडी स्थित एक होटल से एक महिला समेत सात शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
बेरोजगारों के दस्तावेजों पर खुलवाते थे म्यूल बैंक खाते
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित फैक्ट्री वर्करों और बेरोजगार युवाओं के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर फर्जी फर्मों के नाम पर म्यूल बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद ये खाते कमीशन लेकर साइबर ठगों को सौंप दिए जाते थे, जिनका उपयोग ठगी की रकम को इधर-उधर करने में किया जाता था।
डिजिटल अरेस्ट, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड और एपीके फाइल से ठगी
गिरोह के सदस्य एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक करने, डिजिटल अरेस्ट और इन्वेस्टमेंट फ्रॉड जैसे साइबर अपराधों में शामिल थे। पुलिस के अनुसार, इन खातों के माध्यम से देशभर में साइबर ठगी से जुटाई गई रकम को खपाया जाता था।
33 करोड़ के लेनदेन का खुलासा, कई सामान बरामद
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से सात मोबाइल फोन, एक चेकबुक, चार लेटरहेड और एक मोहर बरामद की है। गिरोह के पांच बैंक खातों के खिलाफ देशभर में 74 शिकायतें दर्ज हैं। जांच में इन खातों के माध्यम से करीब 33 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है। यह कार्रवाई साइबर व्रज से मिले इनपुट के आधार पर की गई।


