नोएडा। सेक्टर-110 स्थित भंगेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में पिछले चार दिनों से एंटी रैबीज वैक्सीन (एआरवी) लगाने के लिए सिरिंज का स्टॉक खत्म हो गया है। इसके चलते कुत्ते, बिल्ली, चूहे और अन्य जानवरों के काटने वाले मरीजों को सुरक्षा की डोज लगवाने के लिए जिला अस्पताल जाना पड़ रहा है।
सोमवार को 480 मरीज पहुंचे एआरवी सेंटर
सोमवार को सीएचसी के एआरवी केंद्र पर सबसे अधिक 480 मरीज वैक्सीन लगवाने पहुंचे। दोपहर तीन बजे तक स्टाफ ने उपलब्ध व्यवस्था के तहत सभी मरीजों को वैक्सीन लगवाकर वापस भेजा। अस्पताल में पिछले कई दिनों से एआरवी केंद्र पर मरीजों का लगातार दबाव बढ़ रहा है।
मरीजों ने सिरिंज नहीं होने का लगाया आरोप
भंगेल और आसपास के क्षेत्रों से वैक्सीन लगवाने पहुंचे मरीजों ने आरोप लगाया कि सीएचसी में सिरिंज उपलब्ध नहीं है। उनका कहना है कि अस्पताल में आवश्यक संसाधनों की कमी के कारण उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है।
जिला अस्पताल के चक्कर लगाने को मजबूर
मरीज अजय ने बताया कि कुत्ता काटने के बाद उन्हें एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने के लिए जिला अस्पताल तक कई चक्कर लगाने पड़े। मरीजों ने स्वास्थ्य विभाग से सीएचसी में जल्द सिरिंज की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है।


