नोएडा। सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली सिलिकान सिटी सोसायटी में 11वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में अकेले रह रहे बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। करीब तीन दिन बाद फ्लैट से बदबू आने पर पड़ोसियों ने सुरक्षा गार्ड और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद फ्लैट का गेट खुलवाया गया।
बदबू से हुआ घटना का खुलासा
रविवार शाम फ्लैट से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलने पर पुलिस और सोसायटी के सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे। फ्लैट की बिजली कटी हुई थी। गेट खोलने पर बुजुर्ग का शव सोफे पर पड़ा मिला, जिससे पूरे फ्लैट में बदबू फैल चुकी थी।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी को मौके पर बुलाकर पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने फ्लैट का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार के संघर्ष या जबरन प्रवेश के निशान नहीं मिले।
हार्ट अटैक या ब्रेन हेमरेज की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर बुजुर्ग की मौत हार्ट अटैक या ब्रेन हेमरेज से होने की आशंका जताई जा रही है। शव का सोमवार को पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।


