ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर 17 जुलाई को प्रस्तावित किसान महापंचायत और आंदोलन की तैयारियों को लेकर किसान संघर्ष मोर्चा की बैठक दनकौर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के सोरन प्रधान और कृष्ण बैंसला ने की।
आंदोलन की रणनीति पर बनी सहमति
बैठक में आंदोलन को सफल बनाने के लिए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। वक्ताओं ने कहा कि किसानों की लंबे समय से लंबित मांगों का अब तक समाधान नहीं हुआ है, जिससे किसानों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
यीडा से लंबित मांगें जल्द पूरी करने की मांग
बैठक में यमुना विकास प्राधिकरण (यीडा) से 10 प्रतिशत विकसित भूखंड, 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा, आबादी का निस्तारण, लीजबैक समेत अन्य लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग दोहराई गई।
मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन होगा तेज
किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो 17 जुलाई को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर विशाल किसान महापंचायत आयोजित कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
बैठक में संगठन के पदाधिकारियों ने सभी किसान संगठनों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के किसानों से महापंचायत एवं आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया, ताकि किसानों की मांगों को मजबूती से उठाया जा सके।
कई पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में महेंद्र कसाना, देशराज नागर, पप्पे नागर, प्रमोद शर्मा, जेपी नागर, उमेद एडवोकेट, राकेश चौधरी, मोहनपाल, सचिन नागर, जीतन नागर, सौरभ शर्मा सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और किसान मौजूद रहे।


