नोएडा वेस्ट के लोगों को जल्द ही खरीदारी के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-3 में नया हाई-स्ट्रीट मार्केट विकसित करेगा। इसके लिए सेक्टर-3 की 80 मीटर चौड़ी सड़क के किनारे भूमि चिह्नित की गई है। परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीईओ ने मांगी विस्तृत कार्ययोजना
प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने नियोजन विभाग से इस परियोजना का विस्तृत प्रस्ताव मांगा है। उन्होंने कहा कि सेक्टर-3 और आसपास के गांवों व सोसायटियों के लोग फिलहाल गौड़ चौक और एक मूर्ति के बाजारों पर निर्भर हैं। इससे दोनों स्थानों पर लगातार ट्रैफिक का दबाव बढ़ रहा है। भविष्य में आबादी बढ़ने के साथ यह समस्या और गंभीर हो सकती है।
आसपास के सेक्टरों को मिलेगा लाभ
नया हाई-स्ट्रीट मार्केट इस तरह विकसित किया जाएगा कि नॉलेज पार्क-5, सेक्टर-3, सेक्टर-1, सेक्टर-12, मिलक लच्छी, वैदपुरा, तुस्याना समेत आसपास के आठ अन्य सेक्टरों और गांवों के लोगों को एक ही स्थान पर सभी जरूरी सुविधाएं मिल सकें। यहां किराना, गारमेंट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, रेस्तरां, बैंक, एटीएम, मेडिकल स्टोर और अन्य दैनिक जरूरतों की दुकानें विकसित की जाएंगी।
आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस
मार्केट को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप तैयार किया जाएगा। इसमें पर्याप्त पार्किंग, चौड़े फुटपाथ, लैंडस्केपिंग और सीसीटीवी निगरानी जैसी व्यवस्थाएं होंगी। प्राधिकरण जल्द ही कार्ययोजना को अंतिम रूप देकर निर्माण कार्य शुरू करेगा। इससे स्थानीय लोगों का समय और ईंधन बचेगा, वहीं गौड़ चौक और एक मूर्ति चौक पर ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।


