ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लोगों को जल्द ही खरीदारी के लिए गौड़ चौक और एक मूर्ति चौक तक नहीं जाना पड़ेगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट की तर्ज पर सेक्टर-3 में नया हाई स्ट्रीट मार्केट विकसित करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए सेक्टर-3 की 80 मीटर चौड़ी सड़क को चिन्हित किया गया है।
सीईओ ने मांगी विस्तृत कार्ययोजना
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार ने नियोजन विभाग को प्रस्तावित हाई स्ट्रीट मार्केट की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। योजना को अंतिम रूप मिलने के बाद परियोजना पर आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
स्थानीय लोगों को मिलेगी बड़ी सुविधा
प्राधिकरण का कहना है कि सेक्टर-3 और आसपास के गांवों व आवासीय सोसायटियों के निवासियों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए फिलहाल गौड़ चौक और एक मूर्ति स्थित बाजारों पर निर्भर रहना पड़ता है। नया हाई स्ट्रीट मार्केट बनने से लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर खरीदारी की सुविधा उपलब्ध होगी।
ट्रैफिक दबाव कम करने की भी है तैयारी
गौड़ चौक और एक मूर्ति रोटरी पर लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए यह योजना तैयार की गई है। प्राधिकरण का मानना है कि भविष्य में आबादी और वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ट्रैफिक की समस्या और गंभीर हो सकती है। ऐसे में सेक्टर-3 में नया हाई स्ट्रीट मार्केट विकसित होने से दोनों प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा।


