दीप चौधरी,नोएडा। सेक्टर-75 स्थित आईवी काउंटी सोसाइटी की 12वीं मंजिल पर लगी आग ने नोएडा की फायर सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए थे। आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को ऊंचाई तक पानी पहुंचाने में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायर टेंडर से छोड़ा जा रहा पानी केवल 6 से 7 मंजिल तक ही प्रभावी रूप से पहुंच पा रहा था, जबकि आग 12वीं मंजिल पर लगी थी। घटना के बाद हाईराइज इमारतों में रहने वाले लोगों के बीच डर और नाराजगी बढ़ गई थी।
“नोएडा की खबरें” ने प्रमुखता से उठाया था मुद्दा
आईवी काउंटी की घटना के बाद “नोएडा की खबरें” न्यूज़ पोर्टल ने शहर की फायर सुरक्षा व्यवस्था, हाईराइज सोसाइटियों में संसाधनों की कमी और अग्निशमन विभाग की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद शहरभर में हाईराइज सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई और निवासी संगठनों ने भी प्रशासन पर दबाव बनाना शुरू कर दिया।
खबर का असर : अब फायर विभाग को मिले 77 करोड़ रुपये
घटना और लगातार उठ रहे सवालों के बाद अब नोएडा प्राधिकरण ने अग्निशमन विभाग को करीब 77 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। इस राशि से 100 मीटर ऊंचा हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म खरीदा जाएगा। इससे पहले ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भी अग्निशमन विभाग को फंड दे चुका है। दोनों प्राधिकरणों से मिली राशि से हाईराइज फायर फाइटिंग सिस्टम और अन्य आधुनिक अग्निशमन संसाधन खरीदे जाएंगे।
80 मंजिल की इमारतें, लेकिन संसाधन सिर्फ 14 मंजिल तक
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र में तेजी से गगनचुंबी इमारतें बन रही हैं। कई सोसाइटियों में 20 से 40 मंजिल तक की इमारतें हैं, जबकि शहर में करीब 80 मंजिल तक की बिल्डिंग मौजूद हैं। इसके बावजूद नोएडा अग्निशमन विभाग के पास फिलहाल केवल 42 मीटर ऊंचा हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म है, जो करीब 14 मंजिल तक ही प्रभावी माना जाता है।
छह साल से अटकी थी हाईटेक प्लेटफॉर्म की खरीद
72 और 104 मीटर ऊंचे हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म खरीदने की योजना पिछले करीब छह वर्षों से चल रही थी, लेकिन खरीद प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। आईवी काउंटी की घटना के बाद यह मुद्दा फिर सुर्खियों में आया और अब प्रशासन ने संसाधन बढ़ाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं।
“अब नहीं होनी चाहिए लापरवाही”
डीडी आरडब्ल्यूएफ फेडरेशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि हाईराइज सोसाइटियों में रहने वाले लाखों लोगों की सुरक्षा के लिए आधुनिक फायर इंफ्रास्ट्रक्चर बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि केवल विकास के दावे काफी नहीं हैं, बल्कि ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है।
जल्द खरीदे जाएंगे नए संसाधन
मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि उपलब्ध कराई गई राशि से जल्द ही 100 मीटर ऊंचा हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और अन्य आधुनिक उपकरण खरीदे जाएंगे, ताकि भविष्य में ऊंची इमारतों में आग लगने की स्थिति में राहत और बचाव कार्य तेजी से किया जा सके।






