ग्रेटर नोएडा। शहर की सड़कें अब और अधिक सुंदर दिखाई देंगी। प्रमुख चौराहों और रोटरी को नई पहचान देने के लिए जिला प्रशासन और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने संयुक्त पहल शुरू की है। जिलाधिकारी मेधा रूपम की पहल पर शहर की छह से अधिक रोटरी को री-डिजाइन किया जाएगा।
आर्किटेक्ट टीम करेगी रोटरी का री-डिजाइन
इस परियोजना के तहत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पैनल में शामिल आर्किटेक्ट नीलिमा शर्मा की टीम रोटरी और चौराहों के नए डिजाइन तैयार करेगी। इसके लिए मंगलवार को डीएम कार्यालय में प्रजेंटेशन भी रखा गया है. बुधवार को डीएम मेधा रूपम और प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने आर्किटेक्ट के साथ बैठक कर शहर को सुंदर बनाने की योजना पर चर्चा की।
सरकारी कार्यालयों के आसपास बढ़ेगी खूबसूरती
डीएम मेधा रूपम ने बताया कि सूरजपुर-कासना रोड और 130 मीटर रोड पर कई प्रमुख सरकारी कार्यालय स्थित हैं। इनमें डीएम आवास, कलेक्ट्रेट, जिला न्यायालय और जिला पंचायत जैसे महत्वपूर्ण कार्यालय शामिल हैं। इन क्षेत्रों के आसपास की रोटरी और चौराहों को आकर्षक बनाने के लिए विशेष डिजाइन तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन डिजाइन को अंतिम रूप देने के निर्देश आर्किटेक्ट टीम को दिए गए हैं।
गौतमबुद्ध नगर की संस्कृति भी दिखेगी डिजाइन में
आर्किटेक्ट ने बताया कि ग्रेटर नोएडा एक नियोजित शहर है, लेकिन कई जगहों पर खराब लैंडस्केपिंग शहर की छवि को प्रभावित करती है। इसी को ध्यान में रखते हुए उनकी टीम ने शहर में सर्वे किया है। उन्होंने कहा कि डिजाइन तैयार करते समय गौतमबुद्ध नगर की संस्कृति और स्थानीय पहचान को भी शामिल किया जाएगा, ताकि रोटरी शहर की पहचान बन सकें।
रखरखाव के लिए भी बनेगी योजना
प्राधिकरण और प्रशासन केवल रोटरी को सुंदर बनाने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उनके रखरखाव की व्यवस्था पर भी काम किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय तक इनकी सुंदरता बनाए रखने के लिए अलग योजना तैयार की जाएगी।






